



(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
गदरपुर । टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के कोटेश्वर डैम और टिहरी डैम में बुधवार को राष्ट्रीय स्तर का आपदा प्रबंधन मॉक अभ्यास हुआ। इस अभ्यास में 15वीं वाहिनी, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के समन्वय से किया गया। कमांडेंट संतोष कुमार के निर्देशन, उप कमांडेंट दीपक भट्ट के पर्यवेक्षण तथा सहायक कमांडेंट अजय पंत के नेतृत्व में एनडीआरएफ की तीन टीमों ने अपनी तत्परता और दक्षता का प्रदर्शन किया। अभ्यास के दौरान भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ और गैस रिसाव जैसी आपदा परिस्थितियों का यथार्थपरक अनुकरण किया गया।
Ndrf की टीमों ने रोप रेस्क्यू तकनीक के माध्यम से ऊंचाई और दुर्गम स्थानों से लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही ध्वस्त इमारतों में खोज एवं बचाव कार्य कर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। डॉग स्क्वायड की मदद से मलबे में फंसे लोगों की तलाश की गई। अत्याधुनिक उपकरणों का उपयोग कर राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावी कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया गया। यहां संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
