Spread the love

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

रूद्रपुर(संवाद सूत्र)।रामपुर रोड स्थित गिल रिसोर्ट में आयोजित युवा सिक्ख सम्मेलन में सोमवार को हजारों की संख्या में सिख समाज का सैलाब उमड़ पड़ा। सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाजपुर के भूमिधरी प्रकरण और नजूल भूमि की समस्या का स्थाई समाधान जल्द करने का ऐलान किया। साथ ही स्मृति स्थल बनाने सहित अन्य घोषणाएं भी की। सीएम धामी ने मंच से अपने सम्बोधन में कहा कि तराई को आबाद करने में सिख समाज का बड़ा योगदान रहा है। सिख गुरूओं के चरण इस धरती पर पड़े हैं इसी लिए आज यहां की धरती मिनी इंडिया के स्वरूप में जानी जाती है। हमारे गुरूओं ने हमेशा राष्ट्र को प्रथम रखा और राष्ट्र और धर्म को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीर बाल दिवस मनाने का जो संकल्प लिया था, यह काम पहले भी हो सकता था लेकिन किसी ने यह काम नहीं किया। सिख भाईयों ने देश के लिए जो योगदान दिया उसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। सिख परम्परा एक भारत श्रेष्ठ भारत की रही है। इसी ध्येय पर प्रधानमंत्री भी चल रहे हैं। सिख समाज का सेवाभाव देखने लायक होता है, बचपन से ही वह इस सेवाभाव को देखते आ रहे हैं। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नेतृत्व में हमारी सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही है। बहुत उलझे हुए मामलों को भी हम सुलझाने का काम कर रहे हैं। कोई भी मामला आता है उसमें हमारा सकारात्मक रूख रहता है। हम चीजों को उलझाने में नहीं बल्कि सुलझाने में विश्वास रखते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अप्रवासी भारतीयों के लिए भी काम कर रहे हैं। लंगर में जीएसटी न लगे इसकी चिंता करने वाले भी प्रधानमंत्री मोदी है। प्रत्यक्ष को प्रमाण की आवश्यकता नहीं होती। करतारपुर नानक साहिब में 120 करोड़ की लागत से कॉरिडोर बनाकर हमारे देशवासियों को सौगात देने का काम भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। इस देश में और भी सरकारें रही। साइ वर्षों तक एक ही पार्टी का शासन रहा। उसमें से भी 55 वर्षों तक एक परिवार का शासन रहा है। 1984 में सिखों पर जो अत्याचार हुए और अत्याचार करने वालों को किस तरह से सम्मानित किया गया यह किसी से छुपा नहीं है। इसे सिख समाज को भूलना नहीं चाहिए। अफगानिस्तान की तालिबानी हुकूमत से सम्मान के साथ पवित्र गुरू ग्रंथ साहिब को लाने का काम भी प्रधानमंत्री मोदी ने किया। विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम धामी ने कहा कि विपक्ष का गठनबंधन अपने अस्तित्व और अपने परिवारों को बचाने के लिए किया गया है। जनता इस गठबंधन को तीन राज्यों में नकार चुकी है। उन्होंने सिख समाज से इस गठबंधन को आने वाले चुनाव में मुंह तोड़ जवाब देने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की नीति ओर नीयत में खोट है। आज प्रधानमंत्री मोदी का कुशल नेतृत्व देश के लिए वरदार साबित हो रहा हैं। देश और प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उत्तराखण्ड से प्रधानमंत्री मोदी का विशेष लगाव रहा है। उन्होंने नौ रत्न देवभूमि को समर्पित किये हैं उनमें से एक रत्न गोविंद घाट से हेमकुंड बनने वाला रोपवे हैं। उत्तराखण्ड सरकार ने भी कुछ ठोस निर्णय लिये गये हैं जैसे नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण रोकने के लिए सख्त कानून, लैंड जिहाद और लव जिहाद के लिए कठोर कार्रवाई की है। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ भी कठोर कदम उठाये गये हैं। आने वाले समय में हम समान नागरिक संहिता भी लागू करने जा रहे हैं। आनन्द कारज लागू करने के लिए भी कैबिनेट ने निर्णय लिया है, जल्द ही इसे लागू कर दिया जाएगा। सीएम धामी ने कहा कि जब से उन्हें जिम्मेवारी मिली है तब से वह हर वर्ग के लिए निष्पक्ष तरीके से काम कर रहे हैं। उत्तराखण्ड के लोगों के लिए जो सबसे अच्छा हो सकता है वह निर्णय लेने में तनिक भी देरी नहीं की है।

बाजपुर की भूमिधरी के माले को लेकर सीएम धामी ने कहा कि इस मामले में इस बार ठोक बजाकर काम किया जा रहा है। क्यों कि पूर्व में जिला प्रशासन को जो जिम्मेवारी सौंपी गयी थी उसके बाद कोर्ट में अड़चन आ गयी। इस बार ऐसा नहीं होगा इस समस्या का पक्का समाधान होगा। सीएम धामी ने कहा कि मैं बोलने पर नहीं काम पर विश्वास करता हूं। सीएम धामी ने घोषणा करते हुए कहा कि समस्या का स्थाई समाधान होगा, इसके लिए कमेटी बना दी गयी है। नजूल भूमि के नियमितीकरण के लिए भी कमेटी काम कर रही है। सारे जिलों से रिपोर्ट मंगाई है। इसका भी स्थाई समाधान होगा। उन्होंने कहा कि किसानों की जो भी समस्या है उसका समाधान हर हाल में किया जाएगा। इसके अलावा सीएम धामी ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने के लिए एक स्मृति स्थल का निर्माण कराया जाएगा। आनंद कारज एक्ट को जल्द लागू किया जाएगा। पांच लाख तक के किसान लोन पर स्टाम्प ड्यूटी छूट पहले की तरह जारी रहेगी। वर्ग चार की नियमितीकरण की पॉलिसी को और आगे बढ़ाया जाएगा। अमृतसर के लिए टेªन चलाने के लिए रेल मंत्री से आग्रह किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जो भी प्रस्ताव आये हैं उनका भी परीक्षण कराकर निर्णय लिया जाएगा, जो भी महत्वपूर्ण सुझाव हैं उन्हें अपने एजेंडे में शामिल किया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि सिख समाज की समस्याओं के समाधान के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार निरंतर प्रयत्नशील है। तराई के चहुंमुखी विकास में सिख समाज का योगदान कभी नही भुलाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 2014 में जब से नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बनकर आये तभी से सिख समाज के हित के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिये है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जो कहते हैं वह करते हैं। आज उनके मार्ग दर्शन में उत्तराखण्ड लगातार विकास कर रहा है। श्री बहुगुणा ने कहा कि सिख समाज त्याग बलिदान और देश को आगे बढ़ाने में अग्रणी रहा है। प्रधानमंत्री मोदी धर्म जाति समुदाय की बात नहीं करते बल्कि 130 करोड़ देशवासियों की बात करते हैं। सिख समाज का आशीर्वाद हमेशा मिलता रहा है। आगे भी उम्मीद करता हैं सिख समाज का सिख समाज का आशीर्वाद मुख्यमंत्री धामी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी को मिलता रहेगा। श्री बहुगुणा ने कहा कि इस जिले में किसानों की जो समस्याएं हैं उनका मुख्यमंत्री निश्चित रूप से समाधान करेंगे। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि रूद्रपुर में आयोजित किया गया यह सिक्ख युवा सम्मेलन ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज विकास के लिए जो भी कर रहे हैं वह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिख समुदाय को हर सुविधा देने का काम किया है। जिस तरह से 1984 में कांग्रेस की सरकार में दंगे हुए आज उन्हें सजा मिली है तो वह प्रधानमंत्री की मोदी की वजह से मिली है। श्री औलख ने कहा कि सिख समाज की उत्तराखण्ड में जो भी समस्याएं हैं उन्हें मुख्यमंत्री धामी हल करेंगे यह उन्हें पूरा विश्वास है। सिक्खों का हक उन्हें अवश्य मिलेगा। श्री औलख ने कहा कि सिख समाज भाजपा के साथ था और हमेशा रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान अपने सम्बोधन में विधायक शिव अरोरा ने ंपजाबी भाषा में अपने सम्बोधन में कहा कि आज युवा सिख सम्मेलन में आये सिंख समाज सहित सभी वगों के हजारों लोगों ने यह साबित कर दिया है कि भाजपा के प्रति लोगों में विश्वास निरंतर बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि धर्म और सम्मान की खातिर सिख समाज के कई लोगों ने मुगलों से संघर्ष किया। जिनका इतिहास आज भी बच्चों को पढ़ाया जाता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सिख समाज के उत्थान के लिए हमेशा चिंतित रहे हैं । विधायक अरविंद पाण्डेय ने वर्ष 1984 में तत्कालीन प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के पश्चात देश में सिख समुदाय के खिलाफ हुए सामूहिक नरसंहार, लूटपाट, धार्मिक स्थानों पर हमले आदि घटनाओं की याद ताजा करते हुए कांग्रेस को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि आज भी सिख समाज के दिलों में वो जख्म बने हुए हैं। विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के पतन के बाद केन्द्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने सिख समाज का सम्मान करते हुए कई घोषणाएं कीं। काबीना मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रदेश एवं केन्द्र सरकार सिख समाज एवं किसानों की हर समस्या का समाधान करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। पूर्व विधायक डा. शैलेन्द्र मोहन सिंघल ने कहा कि तराई के विकास में सिख समाज का योगदान कभी नहीं भुलाया जा सकता है। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि हिंदू एवं सिख दोनों ही एक परिवार हैं। जिसको सिख समाज भी कहता है। दोनों मिलकर देश के विकास में सहयोग कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम को अन्य कई वक्ताओं ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम के दौरान रक्तवीर हरविन्दर सिंह चुघ, जगजीत सिंह तक्था दलजीत सिंह को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। इस अवसर पर 100 बार रक्तदान कर चुके रक्तवीर हरविंदर सिंह चुघ, जगजीत सिंह गोल्डी तथा दलजीत सिंह को मुख्यमंत्री ने शॉल ओढाकर सम्मानित किया गया।

    सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री बलदेव सिंह औलख, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्टð,भाजपा महामंत्री संगठन अजय जी, कबीना मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक शिव अरोरा, अरविंद पाण्डेय,त्रिलोक सिंह चीमा, पूर्व विधायक शैलेंद्र मोहन सिंघल, निवर्तमान मेयर रामपाल सिंह, भारत भूषण चुघ, जसवीर सिंह बाटला निदेशक राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड कृषि मंत्रालय, भाजपा प्रदेश मंत्री विकास शर्मा, जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, कमल जिंदल, अमित नारंग, खिलेंद्र चौधरी, हाजी खुर्शीद अहमद बलदेव सिंह औलख राज्य मंत्री उत्तर प्रदेश, संदीप बाजवा, श्रीकांत राठौर, विपिन जलहोत्रा, गुरजीत सिंह, श्रवण सिंह, अनमोल बिर्क, सिमरनजीत सिंह, सुरेश कोली, केके दास, राजेश बजाज, परविंदर सिंह, परमजीत सिंह, करतार सिंह, शमशेर सिंह, राजेंद्र सिंह, प्रीतम सिंह, गुरचरण सिंह, करतार सिंह, सुरमुख सिंह, अमरीक सिंह, जसपाल सिंह, हरनाम सिंह, श्वेता मिश्रा, फरजाना बेगम, शालिनी बोरा, मीना सिंह, ऊषा सिंह आदि थे। इससे पहले पुलिस लाईन पहुंचने पर मुख्यमंत्री धामी को जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री का यहां पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने जोरदार स्वागत किया।

सम्मेलन में जुटी हजारों की भीड़

रूद्रपुर। युवा सिख सम्मेलन में आज हजारों की भीड़ उमड़ने से आयोजकों के चेहरे काफी खिले दिखाई दिये। सम्मेलन में जनपद उधमसिंहनगर के टनकपुर, खटीमा, सितारगंज, नानकमत्ता, किच्छा, रूद्रपुर, दानपुर, भागवानपुर, जाफरपुर, गदरपुर, बाजपुर, केंलाखेड़ा, काशीपुर, जसपुर आदि के साथ ही हल्द्वानी, नैनीताल, लालकुआं, रामनगर समेत तमाम क्षेत्रों से लोगों की भीड़ उमड़ी। आयोजन स्थल का सभागार पूरी तरह से भर गया और लोगों को बाहर खडे होकर मुख्यमंत्री सहित अन्य वक्ताओं का सम्बोधन सुनना पड़ा।

नाश्ता व खाने की थी व्यवस्था

रूद्रपुर। युवा सिख सम्मेलन में नगर एवं दूरदराज क्षेत्रों से आये हजारों लोगों केे लिए नाश्ता एवं दोपहर के खाने की भी व्यवस्था की गई थी। पानी के लिए कई स्टॉल लगाये गये थे। यहां व्यवस्थायें पूरी तरह से ठीक रहीं। लोगों को किसी भी तरह सें परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ा।


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!