
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
रुद्रपुर (संवाद सूत्र)। कांग्रेस पार्टी में फिर गुटबाजी सामने आई है।कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा और महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ पर कार्यकर्ताओं में दो फाड़ करने का आरोप लगाया है। प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने कहा कि नगर निगम के चुनाव निपटे अभी थोड़े दिन ही हुए हैं। पार्टी समीक्षा चल रही थी। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में कांग्रेस पार्टी माहौल का माहौल खराब किया जा रहा है। विधायक तिलक राज बेहड़ खेड़ा के फार्म पर जाते हैं और कुछ लोगों को बुलाकर संगठन व प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ बोलते हैं। संगठन पर उंगुली उठाते हैं। उन्होंने कहा पार्टी फोरम बना हुआ है यदि बेहद को कोई शिकायत है तो पार्टी के फोरम के अंदर रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेहड़ किच्छा विधानसभा के विधायक हैं। उन्हें किच्छा की समीक्षा करनी चाहिए। गाबा ने कहा कि संगठन सर्वोपरि है, पहले संगठन है। पार्टी के वरिष्ठ नेता होने के बावजूद रुद्रपुर आते ही पार्टी कार्यकर्ताओं के दो फाड़ कर दिए। तिलक राज बेहड़ पार्टी जिलाध्यक्षों व प्रदेश अध्यक्ष से खुश नहीं है। उन्हें कोई अध्यक्ष अच्छा नहीं लगा। नारायण बिष्ट, किशोर उपाध्याय, प्रीतम सिंह और करन माहरा पर उंगुली उठाते हैं। जबकि करन माहरा ने मजबूती के साथ चुनाव लड़ाया हैं। उन्हें कोई अधिकार नहीं कि वह पार्टी के बड़े नेताओं पर बोले। गाबा ने कहा कि बेहड़ को व्यापारी नेता चाहिए, गरीब बस्ती का नेता नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में उनकी जिताने की मंशा नहीं थी। चुनाव जिताने की मंशा होती तो जिम्मेदारी सौंपते। चुनाव जिताना होता तो वह कार्यकर्ताओं के साथ मंथन करते। गाबा ने कहा उनके खून में कांग्रेस हैं, गद्दारी नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में कार्यकर्ताओं की बदौलत कांग्रेस प्रत्याशी को 42 हजार वोट मिले, यह संगठन के वोट हैं। गाबा ने कहा इसकी समीक्षा बैठक होगी और एक एक बार संगठन के सामने रखी जायेगी। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने कहा कि उन्होंने मुद्दों की राजनीति की है। मोहन खेड़ा का नाम फायनल किया। यदि बेहड़ गार्जियन का रोल निभाते तो कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव जीत जाते। प्रेसवार्ता में सौरभ चिलाना, मीना शर्मा, अनिल शर्मा, संदीप चीमा, ममता रानी, योगेश चौहान, सतीश, बाबू विश्वकर्मा, दीपक शर्मा मौजूद रहे।