(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर हल्द्वानी। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन विभाग ने हल्द्वानी संभाग में दो दिवसीय विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। 7 और 8 सितंबर को नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जिलों में चले अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले 1005 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं पर 37 वाहन सीज किए गए।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविन्द पाण्डेय के निर्देश पर चलाए गए अभियान में सबसे अधिक कार्रवाई ऊधमसिंह नगर जिले में हुई। यहां 566 वाहनों के चालान और 22 वाहन सीज किए गए। नैनीताल में 329 चालान के साथ 11 वाहन सीज, जबकि चम्पावत में 110 वाहनों के चालान और चार वाहन सीज किए गए।
अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी में सबसे अधिक मामले बिना हेलमेट वाहन चलाने और सहयात्री को बिना हेलमेट बैठाने के सामने आए। संभाग में 661 चालक बिना हेलमेट तथा 594 सहयात्री बिना हेलमेट पाए गए। इसके अलावा स्टंट एवं ट्रिपल राइडिंग के 95, बिना सीट बेल्ट के 75, बिना वैध प्रपत्र के 126 तथा बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 56 मामलों में कार्रवाई की गई। काली फिल्म के इस्तेमाल पर भी तीन वाहनों के चालान किए गए।
हल्द्वानी शहर के प्रमुख मार्गों तथा परिवहन निगम और केएमओयू बस स्टेशन के आसपास अनधिकृत रूप से सवारियां भरने वाले वैन-मैक्सी वाहनों के खिलाफ भी परिवहन विभाग ने कार्रवाई की।
संभागीय परिवहन अधिकारी अरविन्द पाण्डेय ने कहा कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन पर चालक और सहयात्री दोनों मानक आईएसआई हेलमेट का प्रयोग करें। चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाएं, स्टंट और ट्रिपल राइडिंग से बचें तथा वाहन के सभी वैध दस्तावेज साथ रखें।





