


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
रुद्रपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज व संबद्ध चिकित्सालय के आब्स एंड गायनी विभाग को एनएमसी के मानकों के अनुरूप सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्राचार्या की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें जवाहर लाल नेहरू जिला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक, आब्स एंड गायनी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक, नर्सिंग अधीक्षक और संबंधित विभागों के प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में गर्भवती महिलाओं को चिकित्सालय में बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही निर्देश दिए गए कि आब्स एंड गायनी विभाग में ऑक्सीजन से संबंधित किसी भी प्रकार की कमी न रहे और वैकल्पिक ऑक्सीजन व्यवस्था भी हर समय क्रियाशील अवस्था में रखी जाए।
प्राचार्य उषा रावत ने विभाग में साफ-सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों और तीमारदारों को स्वच्छ वातावरण मिलना चाहिए। इसके अलावा 24 घंटे ड्यूटी चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में नवजात शिशुओं को बेहतर उपचार और सभी आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। नर्सिंग अधीक्षक को सभी नर्सिंग अधिकारियों, वार्ड बॉय, वार्ड आया और पर्यावरण मित्रों को मरीजों की उचित देखभाल व सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश देने को कहा गया।
