Spread the love

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

दिनेशपुर। साइबर ठगी के मामले में हरियाणा पुलिस की दबिश के दौरान आरोपी ने फरार होने का प्रयास करते हुए एएसआई पर कार चढ़ाने की कोशिश की। जान बचाने के लिए कार के बोनट पर लटके दरोगा को आरोपी करीब पांच किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। बाद में बसंतीपुर गांव के पास दरोगा को नीचे गिराकर आरोपी फरार हो गया। घटना में दरोगा घायल हो गया। मामले में हरियाणा पुलिस ने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। दिनेशपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हरियाणा के हांसी साइबर थाने में तैनात एएसआई प्रेम कुमार अपनी टीम के साथ शुक्रवार दोपहर बाद दिनेशपुर थाने पहुंचे थे।

आमद दर्ज कराने के बाद पुलिस टीम उदयनगर निवासी भरत सिंह पुत्र नरेंद्र के घर पहुंची। पुलिस ने भरत सिंह को पूछताछ के लिए साथ चलने को कहा तो वह और उसके साथी पुलिस टीम से उलझ गए। इसी दौरान भरत सिंह कार में बैठ गया, जबकि उसके साथियों ने गाड़ी लॉक कर दी। आरोप है कि आरोपी ने कार स्टार्ट कर भागने का प्रयास किया और सामने खड़े एएसआई प्रेम कुमार पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। जान बचाने के लिए एएसआई कार के बोनट पर लटक गए। आरोपी उन्हें करीब पांच किलोमीटर घसीटते हुए ले गया। बाद में बसंतीपुर गांव के पास उन्हें नीचे गिराकर आरोपी फरार हो गया। एएसआई को चोटें आई हैं। घटना के बाद एएसआई प्रेम कुमार ने दिनेशपुर थाने पहुंचकर आरोपी समेत करीब छह अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। फिलहाल आरोपी फरार हैं।


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!