


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
सितारगंज। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने शनिवार को कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के साथ सितारगंज उप जिला चिकित्सालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शक्तिफार्म का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सितारगंज उप जिला चिकित्सालय और हाल ही में उच्चीकृत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शक्तिफार्म में रिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों और अन्य स्टाफ की तैनाती आगामी 15 दिनों के भीतर कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अस्पतालों में बाल रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट समेत कई विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद लंबे समय से रिक्त हैं, जिन्हें शीघ्र भरा जाएगा।
शक्तिफार्म सीएचसी के लिए नए भवन निर्माण की मंजूरी जल्द देने का भरोसा भी दिलाया। निरीक्षण के दौरान मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि सितारगंज में 100 बेड के आधुनिक अस्पताल भवन का निर्माण बालाजी एक्शन कंपनी की सीएसआर मद से कराया गया है। अस्पताल में बेड, अल्ट्रासाउंड, एक्सरे सहित कई आधुनिक उपकरण भी विभिन्न कंपनियों की सीएसआर मद से उपलब्ध कराए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने अस्पताल की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में अब तक निरीक्षण किए गए अस्पतालों में सितारगंज उप जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाएं सबसे बेहतर मिली हैं। इसके लिए उन्होंने मंत्री बहुगुणा की सक्रियता की प्रशंसा की। इस दौरान डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने आवासीय कॉलोनी में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उठाई। इस पर बहुगुणा ने बताया कि नगरपालिका और लोक निर्माण विभाग द्वारा खटीमा रोड, बिजटी रोड समेत अन्य क्षेत्रों में नालों के निर्माण की योजना तैयार की गई है, जिसे शहरी विकास विभाग से जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। स्वास्थ्य कर्मियों ने अस्पताल के उच्चीकरण के अनुरूप नए आवासीय भवनों के निर्माण की मांग भी रखी।
इस मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, नगर पंचायत अध्यक्ष शक्तिगढ़ सुमित मंडल, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल, अधीक्षक डॉ. कुलदीप यादव मौजूद रहे। इधर देर सायं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने शक्तिफार्म सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने जीर्ण क्षीर्ण भवन को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस मौके पर संजय बाछाड़, केपी मंडल, मुकेश रावत, मयंक अग्रवाल, रविंद्र अग्रवाल, सुनीता सरकार, विक्रम भंडारी मौजूद रहे।
