


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
गदरपुर खबर रुड़की। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के पीरपुरा गांव में एक महिला द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
परिजनों का आरोप है कि गांव के तीन लोग लंबे समय से महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे और लगातार धमकियां दे रहे थे। इसी दबाव और तनाव के चलते महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई और परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल से एमएलसी मिलने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर महिला और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए हैं तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने कुछ लोगों से परेशान होने की बात कही है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर आरोपों की सत्यता का पता लगाने में जुटी हुई है।
