


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालड़ा 70372 60 222)

किच्छा। मंगलवार को नगर पालिका परिषद सभागार में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 115 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 47 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं गंभीरता से समाधान किया जाए तथा तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
तहसील दिवस में भूमि विवाद, समाज कल्याण, विद्युत, पेयजल, सड़क निर्माण, सिंचाई, पुलिस, नगर पालिका एवं गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। सिरौलीकला निवासी मोहम्मद ताहिर ने कृषि भूमि के शामिल खाते के बंटवारे की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को जांच कर समाधान करने के निर्देश दिए।
आदर्श नगर बंडिया निवासी सुरेश प्रसाद चौहान ने मंदिर चौराहे से कॉलोनी चौराहे तक सड़क निर्माण की मांग की, वहीं कमलानगर चुटकी देवरिया के ग्रामीणों ने कच्चे मार्ग को पक्का बनाने की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इंदरपुर निवासी रामचीज ने ग्राम प्रतापपुर में अपनी कृषि भूमि को कब्जामुक्त कराए जाने की मांग की, जबकि ग्राम आनंदपुर के ग्रामीणों ने नाले की सफाई की मांग रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निर्वतमान सभासद लियाकत अली ने वार्ड नंबर-3 किशनपुर सिसई में खुले विद्युत तारों के स्थान पर इंसुलेटेड लाइन लगाने, सिसई बंडिया में पाहा नहर की सफाई तथा नहर की कवरिंग कराने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग एवं नगर पालिका के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पंत कॉलोनी निवासी चंद्रकला ने नगर पालिका द्वारा स्थापित समर्सिबल पंप से पेयजल कनेक्शन दिलाने की मांग की, जिस पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
तहसील दिवस में विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, उपजिलाधिकारी गौरव पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
तहसील दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
रुद्रपुर खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें
रवि कालड़ा 70372 60 222
