हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की मांग, केंद्रीय मंत्री ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
गदरपुर खबर ऊधम सिंह नगर। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं ऊधम सिंह नगर अल्पसंख्यक मोर्चा के सह प्रभारी दिलशाद खान ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा से मुलाकात कर अपने क्षेत्र किला खेड़ा की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। मुलाकात के दौरान उन्होंने विशेष रूप से फिदा नगर हाईवे पर आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक सुधार कराने की मांग की।
दिलशाद खान ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि फिदा नगर हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण क्षेत्र के लोगों में चिंता बनी हुई है। उन्होंने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जरूरी कदम उठाने का आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने किला खेड़ा क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं से भी मंत्री को अवगत कराया।
मुलाकात के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने दिलशाद खान को समस्याओं पर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि हाईवे पर सुरक्षा संबंधी सुधार होने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
दिलशाद खान ने कहा कि क्षेत्र की जनसमस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाकर उनका समाधान कराने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्रीय मंत्री के आश्वासन के बाद फिदा नगर हाईवे की समस्या पर सकारात्मक पहल होगी।








