गदरपुर पुलिस ने अगले ही दिन दबोचा, इटली मेड बेरेटा पिस्टल, दो कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर । दिनदहाड़े एक युवक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले आरोपी को गदरपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के अगले ही दिन गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से इटली मेड पी. बेरेटा .32 बोर पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की स्विफ्ट कार बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को विजय कुमार पुत्र होरी लाल निवासी डिबडिबा, बिलासपुर (रामपुर, उत्तर प्रदेश) ने कोतवाली गदरपुर में तहरीर देकर बताया कि भगवानसरन दीप सिंह पुत्र स्वर्गीय परमजीत सिंह निवासी पाम ग्रीन, रुद्रपुर ने उनके जीजा पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर उन्हें घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया था।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 343/2026 के तहत धारा 109(1), 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और वारदात में प्रयुक्त असलहे की बरामदगी के निर्देश दिए।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक अपराध/काशीपुर एवं क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गदरपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 12 नवंबर को ग्राम अलखदेवा तिराहा मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपी भगवानसरन दीप सिंह (44 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मेड इन इटली पी. बेरेटा .32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की स्विफ्ट कार संख्या UK06Z-4636 को भी कब्जे में लिया गया। आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है। उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
ये रहा पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज पाण्डेय (प्रभारी चौकी महतोष), हेड कांस्टेबल पूरन आर्या, कांस्टेबल कुन्दन सिंह (1312) तथा कांस्टेबल मोहन भट्ट (65) शामिल रहे।
गदरपुर पुलिस का स्पष्ट संदेश: अपराध कर कानून से बचना आसान नहीं है। अपराधियों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।









