


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
गदरपुर खबर दिनेशपुर। क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक निजी अस्पताल के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया। अवैध गर्भपात और बिना अनुमति चिकित्सा सेवाएं संचालित किए जाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद एसडीएम ऋचा सिंह ने सुनियोजित तरीके से जांच कराई और शिकायतों की पुष्टि होने पर स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम के साथ छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार प्रशासन को लंबे समय से अस्पताल में नियमों के विपरीत चिकित्सा गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों की सत्यता परखने के लिए एसडीएम ऋचा सिंह ने विशेष रणनीति तैयार की और एक महिला पटवारी को मरीज बनाकर अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच में शिकायतें सही पाए जाने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई का निर्णय लिया।
इसके बाद एसडीएम ऋचा सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अस्पताल में छापा मारा। जांच के दौरान अस्पताल संचालक आवश्यक दस्तावेज, पंजीकरण प्रमाणपत्र एवं वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। कई अनियमितताएं सामने आने पर प्रशासन ने अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया तथा संबंधित प्रकरण में अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसडीएम ऋचा सिंह ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों और झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी एसडीएम ऋचा सिंह ने खुद मरीज बनकर नकली दवाइयों के कारोबार का खुलासा किया था, जिसके बाद उनकी कार्यशैली की व्यापक सराहना हुई थी। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
