


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर में जलभराव की समस्या से निपटने और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद गदरपुर के अध्यक्ष मनोज गुम्बर (मिंटू) ने वार्ड संख्या 11 में नालों एवं जल निकासी मार्गों की सफाई का कार्य प्रारंभ कराया।
इस दौरान पालिकाध्यक्ष मनोज गुम्बर ने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए वर्षा ऋतु से पूर्व सफाई कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नालों और जल निकासी मार्गों की नियमित सफाई से पानी का प्रवाह सुचारु बना रहेगा तथा क्षेत्र में जलभराव की संभावना कम होगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सफाई कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि बरसात के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर वार्ड संख्या 11 के सभासद प्रतिनिधि बृजेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे सफाई एवं विकास कार्यों की सराहना करते हुए नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के प्रयासों की प्रशंसा की।
पालिकाध्यक्ष मनोज गुम्बर ने कहा कि “गदरपुर शहर मेरा परिवार” के संकल्प के साथ नगर पालिका परिषद जनहित और विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लगातार आगे बढ़ा रही है तथा नागरिकों की सुविधाओं के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
