


जुलूस के दौरान शस्त्र और संशोधित बाइक पर रहेगा प्रतिबंध, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
गदरपुर आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार शाम गदरपुर कोतवाली परिसर में अमन कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी अखिलेश कुमार एवं कोतवाली प्रभारी प्रदीप शर्मा ने की। इस दौरान ताजिया जुलूस के संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी अखिलेश कुमार ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी सौहार्द और अनुशासन का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि ताजिया जुलूस निकालने के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जुलूस के दौरान संबंधित मार्गों पर विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रखी जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
उन्होंने ताजिया कमेटियों से निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि ताजियों की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। सभी आयोजक प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
वहीं कोतवाली प्रभारी प्रदीप शर्मा ने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान किसी भी व्यक्ति को शस्त्र लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही पटाखों जैसी तेज आवाज निकालने वाली संशोधित मोटरसाइकिलों पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अथवा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नगर के गणमान्य नागरिकों, ताजिया कमेटियों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। एल आई यू इंस्पेक्टर रिजवान खान नगर पालिका से बिजेंदर सिंह विद्युत विभाग से महताब अली सिब्ते नबी मो रफी परवेज़ सोहन सागर अहमद शराफत अली मंसूरी आरिफ रिजवान शहबान रज़ा तुफैल अहमद सिब्ते नबी इरशाद अली अंसारी मोमिन
हारून प्रधान सलीम फरीद नासिर आदि लोग मौजूद रहे

