


सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप, एक ग्रामीण घायल; लाखों की नकदी, जेवरात और गृहस्थी का सामान स्वाहा
ग्राम शिवपुरी में अग्निकांड के बाद जले हुए मकानों का जायजा लेते समाजसेवी संजय ठुकराल एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि।
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालड़ा 7037260222)


गदरपुर खबर रुद्रपुर। खानपुर पूर्व क्षेत्र के ग्राम शिवपुरी में मंगलवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड में दो कच्चे मकान जलकर पूरी तरह राख हो गए। आग की चपेट में आने से घर में रखा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सिलेंडर के टुकड़ों की चपेट में आकर एक ग्रामीण घायल हो गया। घटना के समय दोनों परिवारों के सदस्य काम पर गए हुए थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम शिवपुरी निवासी श्रुति शिकारी पत्नी मिथुन शिकारी तथा दर्शन दास पुत्र सुनील दास के मकान अगल-बगल स्थित हैं। मंगलवार सुबह अचानक एक मकान में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और दूसरे मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई।
इसी दौरान घर में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट से उड़े लोहे के टुकड़ों की चपेट में आकर एक ग्रामीण घायल हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अग्निकांड में दोनों परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। श्रुति शिकारी के घर में रखी करीब 50 हजार रुपये की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात तथा पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। वहीं दर्शन दास के घर में रखी 20 हजार रुपये की नकदी, लगभग एक लाख रुपये मूल्य के जेवरात और अन्य कीमती सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी संजय ठुकराल एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य कमलेश मिस्त्री मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई तथा हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
रुद्रपुर खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें रवि कालड़ा
