


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
गदरपुर खबर। क्षेत्र में गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। गदरपुर गैस सर्विस द्वारा पूर्व में रोस्टर के अनुसार गैस वितरण किया जा रहा था, लेकिन कुछ व्यक्तियों द्वारा बीच में बाधा उत्पन्न किए जाने के कारण गैस सिलेंडर अपने निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे थे।
इस समस्या को देखते हुए पूर्ति निरीक्षक द्वारा अवगत कराए जाने पर उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह ने कड़े निर्देश जारी किए हैं कि अब गैस का वितरण पुलिस बल की निगरानी में रोस्टर के अनुसार ही किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन द्वारा आम जनता को भी सूचित किया गया है कि बिना डीएसी, बिना ई-केवाईसी और बिना गैस पासबुक के गैस सिलेंडर वितरित नहीं किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त प्रशासन ने कुछ महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं—
गैस सिलेंडर की उपलब्धता के अनुसार ही रोस्टर मान्य होगा, उपलब्धता न होने पर अगली तिथि में वितरण किया जाएगा।
जिस रूट पर गैस वाहन जाएगा, उस मार्ग के सभी गांवों को शामिल किया जाएगा।
पुरानी बुकिंग तिथि को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि गैस वितरण के दौरान कोई व्यक्ति बाधा उत्पन्न करता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि गैस का सही और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करते हुए पात्र उपभोक्ताओं तक समय पर सिलेंडर पहुंचाया जाए।
