


रेड चीफ, स्पाईकर, ब्लैकबेरी और ग्लोबल रिपब्लिक में लाखों की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए तीन चोर
(कृष्णा वार्ता रिपोर्टर रवि कालडा


रुद्रपुर। शहर की मटके वाली गली स्थित चार प्रतिष्ठित शोरूमों में अज्ञात चोरों ने देर रात धावा बोलकर लाखों रुपये की नगदी और महंगा सामान चोरी कर लिया। चोर निर्माणाधीन भवन के रास्ते छत पर पहुंचे और जीने के दरवाजे तोड़कर एक के बाद एक चार शोरूमों में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें तीन चोर चोरी करते साफ दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मटके वाली गली में एक भवन निर्माणाधीन है। देर रात तीन चोर इसी भवन के रास्ते छत पर पहुंचे और पड़ोस में स्थित रेड चीफ शोरूम के जीने का दरवाजा तोड़कर भीतर घुस गए। इसके बाद चोरों ने जीने के रास्ते ही स्पाईकर शोरूम, ब्लैकबेरी शोरूम और ग्लोबल रिपब्लिक शोरूम में प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
सुबह जब चारों शोरूम स्वामी दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने व्यापारी नेताओं और पुलिस को घटना की सूचना दी।
स्पाईकर शोरूम के स्वामी मधुर मेंहदीरत्ता ने बताया कि चोर उनके प्रतिष्ठान से गल्ले में रखे 48 हजार रुपये नगद, लैपटॉप और हजारों रुपये कीमत के रेडीमेड कपड़े चोरी कर ले गए। ब्लैकबेरी शोरूम के स्वामी अंकित नरूला के अनुसार उनके शोरूम से करीब ढाई लाख रुपये की नगदी और सामान चोरी हुआ है।
रेड चीफ शोरूम के प्रबंधक भूपेंद्र ने बताया कि चोर लगभग 10 हजार रुपये की नगदी के साथ अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। उन्होंने कहा कि स्टॉक मिलान के बाद ही वास्तविक नुकसान का आंकलन हो सकेगा। वहीं ग्लोबल रिपब्लिक शोरूम के स्वामी आदित्य शर्मा ने बताया कि उनके शोरूम से करीब पांच लाख रुपये का सामान चोरी किया गया है।
बताया जा रहा है कि चारों शोरूमों में चोरी की वारदात मध्य रात्रि करीब साढ़े बारह बजे क्रमवार तरीके से की गई। सीसीटीवी फुटेज में तीन चोर शोरूमों के भीतर घूमते और सामान चोरी करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, समाजसेवी संजय ठुकराल सहित कई व्यापारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।
