Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

रुद्रपुर (संवाद-सूत्र)। ऊधमसिंह नगर में जिला सहकारी बैंक में चतुर्थ श्रेणी के पदों पर हुई भर्ती में धांधली के बाद कार्रवाई शुरू हो गई है। कोर्ट के आदेश पर हुई जांच में नियुक्ति पा चुके पांच कर्मी गड़बड़ी के दोषी पाए गए थे। इनमें नियुक्ति के बाद एक कर्मी की मौत हो चुकी है, जबकि चार कर्मियों को अब बर्खास्त कर दिया गया है।
वित्तीय वर्ष 2020-21 में जिला सहकारी बैंक में चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती हुई। यह भर्ती शुरू से ही विवादित हो गई थी। इसमें प्रमाणपत्रों में हेराफेरी कर नौकरी देने का आरोप लगा था। इस मामले में कोर्ट में पीआईएल भी दाखिल की गई। कोर्ट ने मामले का संज्ञान लेते हुए शासन को निष्पक्ष जांच के आदेश दिए थे। कोर्ट के आदेश पर जिले में पांच स्तरीय कमेटी ने जांच की। कमेटी ने इसकी रिपोर्ट प्रशासक के रूप में तैनात सीडीओ मनीष कुमार को सौंप दी थी।
रिपोर्ट में पाया गया कि नियुक्ति के कुछ माह बाद ही सुरेंद्र सिंह की मौत हो गई। वहीं, मदन मोहन भट्ट, हिमांशु नेगी, अमर सिंह व अतुल गिरि के प्रमाणपत्रों में गड़बड़ी मिली थी। सीडीओ ने प्रशासक के रूप में कर्मचारियों के बर्खास्तगी की अनुमति दे दी थी। प्रशासक की तरफ से अनुमति मिलते ही जीएम सुरेश सिंह ने चारों कर्मियों को बर्खास्त कर दिया है।
कोर्ट के आदेश पर हुई जांच में पांच का नाम आया था। इसमें एक की पहले ही मृत्यु हो चुकी है, जबकि चार के विरुद्ध बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई है:- मनीष कुमार, सीडीओ

Advertisement
Advertisement