दो दिन में मांगें पूरी नहीं हुईं तो सोमवार को डीएम कार्यालय पर गरजेगी भारतीय किसान यूनियन
₹50 हजार प्रति एकड़ मुआवजे समेत कर्ज और बिजली बिल माफी की मांग, किसानों ने दी धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर। क्षेत्र में हाल ही में हुई भारी बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान के बाद भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने मुआवजे की मांग तेज कर दी है। भारतीय किसान यूनियन के युवा ब्लॉक अध्यक्ष हरपाल सिंह विर्क के निवास पर यूनियन पदाधिकारियों एवं किसानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए सरकार से जल्द राहत देने की मांग उठाई गई।
बैठक में किसान नेताओं ने कहा कि ओलावृष्टि और तेज आंधी के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। पहले से ही आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे किसानों के सामने अब फसल बर्बाद होने से संकट और गहरा गया है। ऐसे में सरकार को किसानों की पीड़ा समझते हुए तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।
भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने मांग की कि प्रभावित किसानों को कम से कम ₹50 हजार प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही किसानों के बैंक ऋण माफ किए जाएं और बिजली के बिलों को भी माफ कर राहत प्रदान की जाए।
किसान नेताओं ने कहा कि खेती पर निर्भर परिवारों की आजीविका फसल पर टिकी होती है। प्राकृतिक आपदा के कारण हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने प्रभावित खेतों का निष्पक्ष सर्वे कराकर किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की, ताकि किसान आगामी फसल की तैयारी कर सकें और आर्थिक संकट से उबर सकें।








