


विकास भवन में हुई समीक्षा बैठक, उर्वरक, बिजली, सिंचाई और पशुपालन से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड )
(9917322413)
रुद्रपुर। विकास भवन स्थित शहीद ऊधम सिंह सभागार में बुधवार को राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्ष श्री अजीत सिंह एवं उपाध्यक्ष श्री सुरेंद्र सिंह नामधारी की अध्यक्षता में जनपद के किसानों से संबंधित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राज्य किसान आयोग के सदस्य श्री करण सिंह, श्री राव वरीश, श्री संजय कुमार डार्वी एवं श्री चतुर सिंह वोरा भी मौजूद रहे। इस दौरान कृषि, उद्यान, जड़ी-बूटी, सगंध पादप, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, डेयरी, सिंचाई, नलकूप, विद्युत, लोक निर्माण, नाबार्ड, लीड बैंक एवं मंडी विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
मुख्य कृषि अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में सभी रासायनिक उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। वहीं किसानों ने धान फसल के लिए आवश्यक यूरिया एक बार में उपलब्ध कराने की मांग उठाई। इस पर किसान आयोग के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नामधारी ने शासन स्तर पर जल्द निर्देश जारी कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में विद्युत विभाग को ट्रांसफार्मरों एवं झूलते बिजली तारों की स्थिति का विवरण प्रस्तुत करने, सिंचाई विभाग को नहरों की सफाई तथा पशुपालन विभाग को पशु शिविरों से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी विभागों को वर्ष 2025-26 की योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर किसान आयोग को सौंपने के निर्देश दिए गए।
उपाध्यक्षों ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं और कार्यक्रमों को पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसान आयोग किसानों के हितों के लिए पूरी तरह समर्पित है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।
बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा किसानों के नलकूपों के बिजली बिल संबंधी विषय पर सकारात्मक विचार किए जाने की जानकारी भी साझा की गई। अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।
