


स्टार्ट इंस्टीट्यूट में प्रिया कक्कड़ ने सिखाई रचनात्मक कला, बच्चों ने बनाई आकर्षक कलाकृतियां
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर । जन कल्याण एवं बाल विकास संस्था द्वारा संचालित स्टार्ट इंस्टीट्यूट में विशेष बच्चों के लिए टेक्सचर बॉटल पेंटिंग वर्कशॉप का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यशाला का संचालन श्रीमती प्रिया कक्कड़ ने बेहद सहज, प्रेरणादायक एवं प्रभावशाली तरीके से किया। उन्होंने बच्चों को टेक्सचर बॉटल पेंटिंग की विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी और उन्हें अपनी कलात्मक सोच को रंगों और डिजाइनों के माध्यम से अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने भी पूरे मनोयोग से आकर्षक कलाकृतियां तैयार कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां विशेष बच्चों के आत्मविश्वास, एकाग्रता, सूक्ष्म मोटर कौशल एवं कलात्मक अभिव्यक्ति के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह इस कार्यशाला की सफलता का प्रमाण रहा।
कार्यक्रम के अंत में जन कल्याण एवं बाल विकास संस्था एवं स्टार्ट इंस्टीट्यूट परिवार की ओर से श्रीमती प्रिया कक्कड़ का विशेष आभार व्यक्त किया गया। संस्था ने कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से विशेष बच्चों को नई सीख और आत्मविश्वास मिला है तथा भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक कार्यक्रमों के आयोजन की उम्मीद जताई गई।
