


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
हल्द्वानी, लालकुआं, रामनगर और नैनीताल के स्कूलों को नोटिस; अब तक 99 स्कूल प्रशासन के रडार पर

गदरपुर खबर हल्द्वानी : अभिभावकों पर बढ़ते आर्थिक बोझ और मनमानी फीस वसूली के आरोपों के बीच जिला प्रशासन ने निजी स्कूलों पर सख्ती तेज कर दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर मुख्य शिक्षाधिकारी ने पहली बार सार्वजनिक रूप से 49 निजी स्कूलों के नाम जारी करते हुए उन्हें नोटिस भेजे हैं। इसके साथ ही अब तक नोटिस पाने वाले स्कूलों की संख्या 99 पहुंच गई है।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शिक्षा जगत में हड़कंप मचा हुआ है। हल्द्वानी, गौलापार, लालकुआं, रामनगर, भीमताल और नैनीताल क्षेत्र के कई निजी स्कूलों पर अभिभावकों से अतिरिक्त शुल्क वसूलने और नियमों की अनदेखी करने के आरोप लगे हैं।
नोटिस पाने वाले प्रमुख स्कूलों में होली ऐंजल पब्लिक स्कूल, वीवीएम पब्लिक स्कूल, विवेकानन्द पब्लिक स्कूल, सनराईज पब्लिक स्कूल, न्यू रेनबो पब्लिक स्कूल, सृजन स्कूल गौलापार, मीना एकेडमी लालकुआं, होली ट्रिनिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डीएसबी पब्लिक स्कूल रामनगर, गुडलक पब्लिक स्कूल रामनगर, ग्रीनवुड सीनियर सेकेंडरी स्कूल लालकुआं और सनवाल पब्लिक स्कूल नैनीताल समेत कई अन्य स्कूल शामिल हैं।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद अभिभावकों में उम्मीद तो जगी है, लेकिन उनके मन में अब भी बड़ा सवाल बना हुआ है कि क्या यह कार्रवाई केवल नोटिस तक सीमित रहेगी या फिर नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर ठोस दंडात्मक कार्रवाई भी होगी।
जिलाधिकारी ने साफ संकेत दिए हैं कि अभिभावकों के हितों से खिलवाड़ करने वाले स्कूलों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी जांच जारी रहेगी।
