


शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

रूद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कैम्प कार्यालय में शांति एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को धर्मांतरण, अवैध नशा, अतिक्रमण, अवैध धार्मिक संरचनाओं तथा अन्य अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने वाली किसी भी गतिविधि को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने धर्मांतरण कराने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि धर्म परिवर्तन करने वाले अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों को एससी/एसटी के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल सकेगा। साथ ही ऐसे लोगों को चिन्हित कर प्रशासन को अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में महिला सुरक्षा, पॉक्सो प्रकरण, चोरी, गृहभेदन, नशे के कारोबार, अवैध इंजेक्शन, मिलावटी दवाओं और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक विवादों और विभिन्न संगठनों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा कर्मचारियों को निर्धारित वेतन दिए जाने की भी समीक्षा करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 2018 का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि धर्मांतरण से जुड़ी प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए। संभावित प्रार्थना स्थलों और भवनों की नियमित निगरानी तथा उनकी वैधानिक स्थिति की जांच करने को भी कहा गया।
अवैध धार्मिक संरचनाओं के संबंध में डीएम ने सरकारी भूमि पर बने अवैध निर्माणों के खिलाफ निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण, अतिक्रमण हटाने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा। खंड विकास अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध धार्मिक संरचनाओं को चिन्हित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में कल्याणी नदी में हुए अतिक्रमण को चिन्हित कर नोटिस जारी करने और वर्षाकाल से पहले अतिक्रमण हटाने के निर्देश नगर आयुक्त, उप जिलाधिकारी और सिंचाई विभाग को दिए गए।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह, संयुक्त निदेशक अभियोजन डीएस जंगपांगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
