


ऑपरेशन प्रहार के तहत मोतियापुर हाईवे पर हुई कार्रवाई, मोटरसाइकिल भी बरामद
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर। वन्यजीवों की तस्करी और अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली गदरपुर पुलिस ने दो आरोपियों को 21 दुर्लभ प्रजाति के कछुओं के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 16 अगस्त 2026 को गदरपुर-मोतियापुर हाईवे पर पानी की टंकी के पास चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 21 कछुए बरामद हुए, जिनमें इंडियन सॉफ्टशेल (निलसोनिया गेंगटिका) और लिससेमिस पंक्टाटा प्रजाति के कछुए शामिल बताए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल पुत्र मुकेश, निवासी इंद्रा विकास कॉलोनी फत्तावाला, दड़ियाल, थाना टांडा, रामपुर (उप्र), उम्र 27 वर्ष तथा गोपाल सिंह पुत्र लल्लू, निवासी इंद्रा विकास कॉलोनी फत्तावाला, दड़ियाल, थाना टांडा, रामपुर (उप्र), उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने कछुओं को दड़ियाल स्थित कोसी नदी से मछुआरों से प्राप्त करना बताया। पुलिस ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 की धारा 9/51/48ए के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा, अपर उपनिरीक्षक रमेश चंद्र बिष्ट, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह बिष्ट, कांस्टेबल मोहन भट्ट, होमगार्ड दीपक शर्मा और संविदा चालक राजेश कुमार शामिल रहे।
