Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70372 60 222)

मतदाता सूची में फर्जी आपत्तियों का आरोप, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने डीएम से की निष्पक्ष जांच की मांग

रुद्रपुर। मतदाता सूची में कथित धांधली और फर्जी आपत्तियां दर्ज किए जाने के आरोपों को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने शुक्रवार को जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से मुलाकात कर विस्तृत शिकायत पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय और अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा से भी वार्ता कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
ठुकराल ने कहा कि मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया के दौरान एक ही व्यक्ति द्वारा नियमों के विपरीत 100 से अधिक आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार एक व्यक्ति अधिकतम पांच आपत्तियां ही दर्ज करा सकता है, लेकिन इस नियम का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में कई ऐसे मतदाता हैं, जिन्हें यह तक जानकारी नहीं है कि उनके नाम से आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। उनके अनुसार फर्जी एवं कूटरचित आपत्तियां दाखिल कर निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है और अधिकांश मामलों में आपत्तिकर्ताओं के पास अपने दावों के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य भी नहीं हैं।
पूर्व विधायक ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराकर फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने वालों की पहचान करने तथा उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के लिए उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Advertisement
Advertisement