


(कृष्ण वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70372 60 222)

गदरपुर खबर रुद्रपुर। नैनीताल के पूर्व विधायक संजीव आर्य को कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का सह प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद शुक्रवार को पहली बार रुद्रपुर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने फूलमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया और नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संजीव आर्य ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को एकजुट कर जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करना और जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के सहयोग से कांग्रेस को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पार्टी लगातार संगठन को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संजीव आर्य को राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी मिलना उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। इससे प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ेगा और संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिम बंगाल के सह प्रभारी प्रकाश जोशी, उत्तराखंड कांग्रेस के सह प्रभारी मनोज यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोरा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु गावा, प्रदेश महासचिव संदीप चीमा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
