(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70372 60 222)

गदरपुर खबर रुद्रपुर दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में जुटी पुलिस; विधायक ने एसएसपी से वार्ता कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की रुद्रपुर। शहर के रेशमबाड़ी क्षेत्र में युवक की चाकुओं से हमला कर हत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान लीलाधर के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजन न्याय की मांग को लेकर कोतवाली पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। मामले की जानकारी मिलने पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा भी कोतवाली पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
परिजनों ने विधायक को बताया कि लीलाधर मोटरसाइकिल से कुछ सामान लेने गया था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसकी बाइक की चाबी निकाल ली। चाबी वापस मांगने पर युवकों ने इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद करीब 8 से 10 लोग उनके घर पहुंच गए और परिवार के सदस्यों पर चाकुओं से हमला कर दिया।
हमले में लीलाधर के भाई के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके पिता भी घायल हो गए। वहीं लीलाधर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
कोतवाली पहुंचकर विधायक ने पुलिस अधिकारियों से की वार्ता
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद विधायक शिव अरोरा ने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने एसपी सिटी प्रमोद कुमार से वार्ता करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और अब तक हुई कार्रवाई के संबंध में जानकारी प्राप्त की। एसपी सिटी ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
विधायक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा से भी फोन पर वार्ता कर घटना की गंभीरता से अवगत कराया। एसएसपी ने उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।
आपराधिक इतिहास वाले आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि जानकारी में आया है कि घटना में शामिल कुछ आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। कुछ आरोपी पुराने मामलों में जमानत पर बाहर आए हुए थे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। रुद्रपुर में इस प्रकार की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह हर स्तर पर पैरवी करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
अंत में विधायक ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में वह उनके साथ खड़े हैं और दोषियों को कानून के दायरे में लाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
इस दौरान पार्षद महेंद्री शर्मा, एसपी यादव, प्रमोद मित्तल, मानव कक्कड़ सहित पुलिस अधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।









