26 नवंबर को देहरादून में निकलेगी विशाल रैली, हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज राज्यपाल को सौंपेंगे कांग्रेसजन : राजकुमार ठुकराल
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70372 60 222)

गदरपुर खबर रुद्रपुर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रुद्रपुर की भूतबंगला बस्ती में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अभियान चलाकर स्थानीय लोगों से हस्ताक्षर कराए और भाजपा सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार अभियान के तहत एकत्रित किए गए हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज एवं बैनर 23 नवंबर तक अनिवार्य रूप से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में जमा कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आगामी 26 नवंबर को प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय स्थित कांग्रेस भवन, देहरादून में एकत्रित होंगे। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी शैलजा तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में विशाल रैली निकाली जाएगी।
राजकुमार ठुकराल ने बताया कि इस रैली के माध्यम से भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के विरोध में जुटाए गए हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज राज्यपाल को सौंपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठा रही है और जनता के बीच जाकर सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग कर रही है।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष ममता रानी, उमा सरकार, पार्षद परवेज कुरैशी, संजय ठुकराल, कुंवर पाल कोली, राकेश कुमार, चन्द्रभान सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।









