खाद, धान खरीद और भुगतान से लेकर मुआवजे तक किसानों की समस्याओं पर सरकार को घेरा, खाद वितरण के लिए एप व्यवस्था लागू करने की तैयारी पर भी उठाए सवाल
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917 322413)

गदरपुर खबर/बाजपुर। भारतीय किसान यूनियन के कुमाऊं मंडल महासचिव विक्रम सिंह गोराया ने उत्तराखंड सरकार के खिलाफ किसानों की समस्याओं को लेकर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के सब्र का इम्तिहान न ले। किसान पहले ही खाद की किल्लत, धान तौल में परेशानी और धान का भुगतान समय पर नहीं मिलने जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
गोराया ने कहा कि बाजपुर और गदरपुर क्षेत्र में ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा भी किसानों को अब तक नहीं मिला है। वहीं, किसानों की जमीन उनके नाम दर्ज कराने, ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने और उत्तराखंड के प्रत्येक परिवार को 300 यूनिट बिजली में छूट देने जैसे मुद्दे भी अभी तक अनसुलझे हैं।
उन्होंने खाद वितरण को एप के माध्यम से करने की प्रस्तावित व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन किसानों की जमीन उनके नाम दर्ज नहीं है, वे इस व्यवस्था के तहत खाद कैसे प्राप्त करेंगे? ऐसे में किसान अपनी फसल कैसे बचा पाएंगे। सरकार को पहले किसानों की वास्तविक समस्याओं का समाधान करना चाहिए, उसके बाद नई व्यवस्थाएं लागू करने के बारे में सोचना चाहिए।
विक्रम सिंह गोराया ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि सरकार ने समय रहते किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड का किसान चुनाव बहिष्कार करने का निर्णय ले सकता है। उन्होंने सरकार से किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की।









