विधायक अरविंद पांडे के प्रयासों से गदरपुर विधानसभा को मिली 11.87 करोड़ की सड़क योजनाओं की स्वीकृति
नेतानगर-अमरपुर और श्रीरामपुर-चक्की मोड़ मार्ग का होगा निर्माण, क्षेत्रीय विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जताया आभार
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(99173 22413)

गदरपुर खबर। विधानसभा क्षेत्र गदरपुर के विकास को गति देते हुए क्षेत्रीय विधायक अरविंद पांडे के प्रयासों से दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों के लिए कुल 11 करोड़ 87 लाख 3 हजार रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। इन योजनाओं के स्वीकृत होने से क्षेत्र के कई गांवों और ग्रामीण मार्गों पर आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
विधायक अरविंद पांडे द्वारा स्वीकृत कराए गए निर्माण कार्यों में पहला कार्य नेतानगर से राधास्वामी सत्संग होते हुए अमरपुर तक बीएम/एसडीबीसी द्वारा सड़क सुदृढ़ीकरण एवं आंतरिक मार्गों का इंटरलॉकिंग टाइल्स से निर्माण शामिल है। इस कार्य पर 6 करोड़ 14 लाख 20 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
वहीं दूसरा कार्य श्रीरामपुर से धीमरी ब्लॉक होते हुए चक्की मोड़ तक सड़क निर्माण का है, जिसके लिए 5 करोड़ 72 लाख 83 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
दोनों निर्माण कार्यों की कुल लागत 11 करोड़ 87 लाख 3 हजार रुपये है। विधायक अरविंद पांडे ने कहा कि इन सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक अरविंद पांडे ने इन विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।









