राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त को राष्ट्रीय पुरस्कार देकर किया सम्मानित
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70372 60 222)

गदरपुर खबर रुद्रपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में रुद्रपुर नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत रुद्रपुर को क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रुद्रपुर नगर निगम को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया। महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे ने यह सम्मान प्राप्त किया। समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
महापौर विकास शर्मा ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सम्मान नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
महापौर ने बताया कि पिछली बार रुद्रपुर नगर निगम ने राष्ट्रीय रैंकिंग में 467वें स्थान से सुधार करते हुए 169वीं रैंक हासिल की थी। इस बार हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त करना बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन के लिए आभार जताते हुए कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के साथ प्रत्येक वार्ड और सार्वजनिक स्थल को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।









