(krishna varta gadarpur uttarakhand)
रुद्रपुर। नई दिल्ली में आयोजित कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन की महारैली में रुद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर जोरदार आवाज बुलंद की। महारैली के मंच के आसपास ठुकराल ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी शिष्टाचार मुलाकात की। पत्रकारों से वार्ता में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए संविधान की मूल भावना और हर नागरिक के मताधिकार की रक्षा बेहद आवश्यक है। जनता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसकी निष्पक्षता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि हमारा संविधान हर नागरिक को समान अधिकार और सम्मान के साथ जीने का अवसर प्रदान करता है। आज लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस व ‘इंडिया’ गठबंधन सड़क से संसद तक लड़ाई लड़ रहा है। ठुकराल ने संकल्प जताया कि वह आगे भी जनता के अधिकारों, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा से जुड़े मुद्दों पर निष्ठापूर्वक आवाज उठाते रहेंगे।











