Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

 

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

(9917322413)

 

971346_cropped.webp

 

पिपलिया नंबर-1 के विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 68 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क कानूनी सहायता और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

 

गदरपुर। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के तत्वावधान में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर की सचिव ममता पंत के निर्देशन में गुरुवार, 15 अक्टूबर को राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपलिया नंबर-1 में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के सहायक प्रधानाचार्य अमल कृष्ण सरकार ने की। विश्व छात्र दिवस एवं डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वच्छता, मौलिक अधिकारों, कानूनी साक्षरता और विधिक सहायता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके संघर्ष, शिक्षा, वैज्ञानिक उपलब्धियों और राष्ट्रसेवा के योगदान को याद किया गया। बताया गया कि 15 अक्टूबर 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम में जन्मे डॉ. कलाम देश के 11वें राष्ट्रपति रहे। उन्हें ‘मिसाइल मैन’ और ‘जनता के राष्ट्रपति’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने वर्ष 2002 से 2007 तक राष्ट्रपति पद पर रहते हुए देश की सेवा की। उन्हें पद्म भूषण, पद्म विभूषण और भारत रत्न जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया था।

 

वक्ताओं ने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका जीवन इस बात का उदाहरण है कि कठिन परिश्रम, शिक्षा और दृढ़ संकल्प से सफलता प्राप्त की जा सकती है।

 

निःशुल्क विधिक सहायता और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता, स्थायी लोक अदालतों की कार्यप्रणाली और राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व के बारे में बताया गया। इसके साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता तथा मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

 

विद्यार्थियों को आवश्यक सहायता के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें नालसा का टोल-फ्री नंबर 15100, राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 1091 शामिल रहे। कार्यक्रम में नालसा थीम सॉन्ग के माध्यम से भी कानूनी जागरूकता का संदेश दिया गया।

 

कार्यक्रम में पराविधिक कार्यकर्ता (पीएलवी) राजकुमारी, कला, सोनामती घोष और गोपाल सिंह गौतम ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न कानूनी विषयों पर जानकारी दी। इस जागरूकता कार्यक्रम में कुल 68 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

 

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, कानून का सम्मान करने और जरूरत पड़ने पर उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं का लाभ उठाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की रिपोर्ट पीएलवी राजकुमारी, टीम संख्या-09, तहसील गदरपुर की ओर से प्रेषित की गई।

Advertisement
Advertisement