Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

 रुद्रपुर। उत्तराखंड सरकार के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत मंगलवार को रुद्रपुर नगर निगम सभागार में विशाल जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद प्रभारी मंत्री एवं परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा ने की।

      कार्यक्रम में पहुंचने पर विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

   संबोधन में मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार की प्राथमिकता है कि हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है और उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।

    इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, उत्तम दत्ता तथा ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने भी संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है और जनहित की योजनाएं आम लोगों तक पहुंच रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने 5 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें वार्ड-38 आवास विकास में विभाजन विभीषिका स्मृति पार्क, रुद्रा वेंडिंग जोन फेस-2 का विकास, मुख्य बाजार बाटा चौक पर घंटाघर, कलेक्ट्रेट परिसर में वर्षा जल संचयन परियोजना, लंबाखेड़ा में गौसदन निर्माण तथा ट्रांजिट कैंप में नगर निकाय साझा केंद्र जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

इसके बाद प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों की शिकायतें सुनकर अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

शिविर में कुल 30 विभागों ने भाग लिया। 258 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 257 लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

समाज कल्याण विभाग ने 10 पेंशन मामलों का निस्तारण किया और 17 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, बैसाखी सहित सहायक उपकरण वितरित किए। पूर्ति विभाग ने दो राशन कार्ड जारी किए, जबकि जिला उद्योग केंद्र ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के एक लाभार्थी को सहायता प्रदान की।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने सात महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की तथा छह गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई। स्वास्थ्य, आयुष और होम्योपैथी विभागों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श दिया, जबकि पशुपालन विभाग ने दवाइयों का वितरण किया।

नगर निगम रुद्रपुर के स्टॉल पर जन्म-मृत्यु पंजीकरण, आधार अपडेट, जन्म प्रमाण-पत्र, पोषण अभियान के तहत लाभ वितरण, 100 पौधों का वितरण, नमस्ते योजना के तहत किट वितरण और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सहायता उपलब्ध कराई गई। विद्युत विभाग ने प्राप्त शिकायत का मौके पर ही समाधान किया।

कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नगर निगम परिसर में पौधरोपण किया और लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा लगाने एवं उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, भारत भूषण चुघ, अमित नारंग, अनिल चौहान, धीरेन्द्र मिश्रा, हिमांशु शुक्ला, जितेन्द्र गौतम, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, जिला प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन, अधिशासी अभियंता सिंचाई बी.एस. डांगी, खंड विकास अधिकारी आसित आनंद, विभिन्न पार्षद, जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement