
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
रुद्रपुर (संवाद सूत्र)। शुक्रवार को रुद्रपुर के गांधी पार्क में रुद्रपुर नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर और भाजपा के पार्षदों ने शपथ ली। मेयर विकास शर्मा को जिलाधिकारी नितिन भदौरिया और पार्षदों को मेयर विकास शर्मा ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इससे पूर्व कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा की जीत दिलाने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल और जनता ने मिलकर रुद्रपुर में कमल खिलाया है और विकास शर्मा को मेयर बनाया है। उन्होंने कहा कि उनके स्तर से रुद्रपुर के विकास लिए मेयर विकास शर्मा को जो भी मदद चाहिए होगी वह उपलब्ध कराने का वह पूरा प्रयास करेंगी।
विकास शर्मा ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से वह रुद्रपुर के महापौर बने हैं। भाजपा के सभी पदाधिकारी, व्यापारी, छात्र, किसान समेत हर वर्ग सभी का आभार जताते हैं। ट्रिपल इंजन की सरकार शहर के विकास के कटिबद्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि यह शपथ ग्रहण समारोह ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन और निगम प्रशासन का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि आज ही नगर निगम में बोर्ड बैठक होगी। वहीं विधायक शिव अरोड़ा मेयर, पार्षदों को बधाई दी और जनता का आभार जताया।
वहीं इससे पूर्व संत जनों और ब्राह्मणों ने मंत्रों के उच्चारण के साथ शपथ ग्रहण का शुभारम्भ किया। शपथ ग्रहण समारोह के बाद मेयर विकास शर्मा और पार्षद जुलूस की शक्ल में नगर निगम पहुंचे और वहां बोर्ड बैठक का आयोजन किया।
कांग्रेसी पार्षद नहीं पहुंचे शपथ ग्रहण समारोह में
रुद्रपुर। गांधी पार्क में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के पार्षद नहीं पहुंचे। उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया। उनका आरोप था कि शपथ ग्रहण समारोह का भगवाकरण किया गया है। जबकि यह नगर निगम का कार्यक्रम था।