


(कृष्णा वार्ता gadarpur uttarakhand)
हरिद्वार। धर्मनगरी में रविवार को डाक कांवड़ यात्रियों का सैलाब उमड़ पड़ा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों से हर घंटे लाखों की संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंच रहे हैं। दिल्ली हाईवे से लेकर गंगा घाटों तक बोल बम, बम-बम के जयकारे गूंज रहे हैं।
हरिद्वार से गंगा जल लेकर लौटने का सिलसिला भी जारी है। 24 घंटे में 75 लाख से ज्यादा कांवड़ यात्रियों की रवानगी हो चुकी है। इसके साथ ही मेले में हरिद्वार पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों का कुल आंकड़ा भी चार करोड़ के पास पहुंच गया है।
रविवार सुबह से ही हरिद्वार में कांवड़ यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ गई थी। मंगलौर से डायवर्ट होकर हरिद्वार पहुंच रहे डाक कांवड़ के वाहनों से पूरा 30 किलोमीटर का लक्सर रोड भरा हुआ है। जबकि हरिद्वार से लौटने वाले वाहन दिल्ली हाईवे से गुजर रहे हैं। हाईवे के एक तरफ गंगनहर बह रही है।
दूसरी तरफ हाईवे के एक हिस्से में भगवा झंडों से सजे डाक कांवड़ और बाइकर्स कांवड़ यात्री भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। हाईवे पर डाक कांवड़ का यह नजारा ऐसा प्रतीत हो रहा है, मानो हरिद्वार से दिल्ली की ओर गंगा के साथ एक समानांतर धारा बह रही हो।
वाहनों से भरने लगी बड़ी पार्किंग
कांवड़ यात्रियों के वाहनों से पार्किंग स्थल भी तेजी से भरने लगे हैं। हरिद्वार की सबसे बड़ी पार्किंग में शामिल बैरागी कैंप लगभग भर चुकी है। जितनी संख्या में डाक कांवड़ के वाहन हरिद्वार पहुंच रहे हैं, उससे रात तक दक्षदीप मैदान में बड़े वाहनों को रोकने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
