


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
गदरपुर। उत्तराखंड सरकार के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “सेवा, सुशासन एवं समर्पण “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा सप्ताह कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को गदरपुर विकास खंड कार्यालय में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन संयुक्त रूप से क्षेत्रीय विधायक अरविन्द पाण्डेय प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अरविन्द पाण्डेय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सरकार के सफल पाँच वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा और समय की बचत मिल रही है।
विधायक ने पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार, किच्छा में एम्स निर्माण, रिंग रोड, मेडिकल कॉलेज, गदरपुर बाईपास तथा गदरपुर बस अड्डे जैसे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा गया है, जिससे आम लोगों को उनका लाभ आसानी से मिल रहा है।
शिविर में आधार कार्ड केंद्र, खाद्य विभाग, नगर निगम, विद्युत विभाग, समाज कल्याण, पूर्ति विभाग, श्रम विभाग, जिला उद्योग केंद्र, उरेडा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन, डेयरी तथा जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर अपनी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग की ओर से 4 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, 2 लोगों को मोटराइज्ड व्हीलचेयर, 6 लोगों को व्हीलचेयर, 4 लोगों को छड़ी तथा 1 व्यक्ति को श्रवण यंत्र (कान की मशीन) वितरित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 6 महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की।
जल संस्थान को शिविर में 5 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। उद्योग विभाग, सेवायोजन विभाग, रेशम विभाग और पंजाब नेशनल बैंक द्वारा विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। आयुर्वेदिक एवं स्वास्थ्य विभाग ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयाँ वितरित कीं। पशुपालन विभाग ने 20 पशुपालकों को दवाइयाँ उपलब्ध कराईं, शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को कॉपी-किताबें वितरित कीं, जबकि कृषि विभाग ने 10 किसानों को कृषि रसायन प्रदान किए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, दीपक मेहरा, भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा, जिला पंचायत सदस्य शिल्पी, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह, खंड विकास अधिकारी आतिया परवेज, तहसीलदार देवेंद्र बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
