Spread the love

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में फर्जी शस्त्र लाइसेंस के जरिए हथियार रखने और उनका दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की तैयारी कर ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पूरे जनपद में विशेष सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो स्थानीय स्तर के साथ-साथ अन्य जनपदों और बाहरी राज्यों से जारी शस्त्र लाइसेंसों की भी गहन जांच करेंगी।

पुलिस के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य फर्जी शस्त्र लाइसेंसों की पहचान कर ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करना है, जो अवैध तरीके से हथियार रखने या उनका दुरुपयोग करने में संलिप्त हैं। इसके माध्यम से अवैध हथियारों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जनपद में अब तक फर्जी शस्त्र लाइसेंस से जुड़े दो मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें काशीपुर कोतवाली पुलिस ने एक प्रकरण में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि कुंडा कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की है।

अभियान के तहत गठित पहली टीम काशीपुर क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर जारी शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन करेगी। दूसरी टीम रुद्रपुर सेक्टर में लाइसेंसों की जांच का दायित्व निभाएगी, जबकि तीसरी टीम अन्य जनपदों एवं बाहरी राज्यों से जारी शस्त्र लाइसेंसों की वैधता की पड़ताल करेगी। सभी टीमों की निगरानी संबंधित क्षेत्राधिकारियों को सौंपी गई है तथा अनुभवी पुलिस अधिकारियों और एसओजी कर्मियों को अभियान में शामिल किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाने, रखने या उनका उपयोग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। प्रत्येक संदिग्ध लाइसेंस का सूक्ष्म सत्यापन कराया जाएगा और दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से अपराध और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!