


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
दिनेशपुर। रामबाग गांव में आयोजित सात दिवसीय रामबाग प्रीमियर लीग समर कप-2026 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब पिपलिया नंबर-1 की टीम ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में पिपलिया नंबर-1 ने दिनेशपुर की टीम को 23 रन से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
रामबाग मैदान में खेले गए फाइनल मैच में पिपलिया नंबर-1 ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित ओवरों में 128 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिनेशपुर की टीम 105 रन पर सिमट गई। इस तरह पिपलिया नंबर-1 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।
पिपलिया नंबर-1 के खिलाड़ी सूरज को फाइनल मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि टीम के नीतीश को पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल के लिए ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का पुरस्कार प्रदान किया गया।
समापन समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं गदरपुर विधायक अरविंद पांडे तथा वरिष्ठ समाजसेवी लाल मोहम्मद उर्फ लाल बादशाह ने विजेता और उपविजेता टीम को सम्मानित किया ।इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
विधायक अरविंद पांडे ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम में युवक मंगल दल अध्यक्ष सूरज मंडल, सचिव नंदू मल्लिक, उपाध्यक्ष मोहित मजूमदार, बृजेश मल्लिक, संजीव सरदार, अमित बाछाड़, राजा गांगुली, जय सरकार, राहुल मलिक, जीत सरदार, सौरभ मलिक, विजय राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
