Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

गदरपुर। क्षेत्र के ग्राम गोपाल नगर में आयोजित बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश भी दिया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभागीय सेवाओं का लाभ उठाया।           विकासखंड गदरपुर के ग्राम गोपाल नगर स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय में बहुउद्देशीय जनकल्याण योजना शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, जिला पंचायत सदस्य सिल्की खेड़ा तथा खंड विकास अधिकारी अतिया परवेज सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

     शिविर में जल संस्थान, कृषि, पशुपालन, मत्स्य, चिकित्सा, शिक्षा, बाल विकास, समाज कल्याण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, मनरेगा, युवा कल्याण, एनआरएलएम और रीप परियोजना समेत कई विभागों ने स्टॉल लगाकर अपनी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया तथा उनकी समस्याओं का समाधान भी किया।

     राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और रीप परियोजना के माध्यम से ग्रामीण उद्यमिता एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने संबंधी जानकारी दी गई। वहीं उड़ान मसाला ग्रोथ सेंटर द्वारा स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों का प्रदर्शन कर स्थानीय महिलाओं और उद्यमियों को प्रोत्साहित किया गया।

     कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। साथ ही उपस्थित लोगों को नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए शपथ दिलाई गई और नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।

शिविर में कुल 18 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 15 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। कुल 311 ग्रामीणों ने शिविर में भाग लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया। प्रशासन का कहना है कि ऐसे जनकल्याण शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाना है।

Advertisement
Advertisement