Spread the love

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

गदरपुर। गदरपुर शहर को सीधे रेलवे लाइन से जोड़ने और रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की मांग लंबे समय से जोर पकड़ रही है। क्षेत्रवासियों और स्थानीय नेताओं का मानना है कि गदरपुर से गुजरने वाला रेल मार्ग इस औद्योगिक और कृषि क्षेत्र की तस्वीर बदल सकता है।

   इसी मांग को लेकर पालिका अध्यक्ष मनोज गुंबर मिंटू ने नैनीताल ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद माननीय श्री अजय भट्ट को सौंपकर शहर को सीधे रेलवे लाइन से जोड़ने की मांग की है। 

    पत्र के माध्यम से बताया कि गदरपुर क्षेत्र तेजी से विकसित होता हुआ नज़र आ रहा है और एक प्रमुख व्यावसायिक एवं कृषि केंद्र बन चुका है, लेकिन बेहतर रेल संपर्क के अभाव में क्षेत्र की जनता को आज भी अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि गदरपुर शहर का रेलवे नेटवर्क से सीधे न जुड़ पाना क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में बड़ी बाधा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में किसानों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को अपने उत्पादों एवं आवश्यक कार्यों के लिए मुख्य रूप से सड़क परिवहन पर निर्भर रहना पड़ता है। यदि गदरपुर मुख्य शहर को सीधे रेलवे लाइन से जोड़ा जाता है, तो इससे न केवल स्थानीय व्यापार और कृषि क्षेत्र को नई गति मिलेगी, बल्कि विद्यार्थियों, कर्मचारियों, सैनिकों एवं आम यात्रियों को भी सुरक्षित, सुलभ एवं किफायती यात्रा सुविधा प्राप्त होगी।

    नगर पालिका अध्यक्ष ने सांसद श्री अजय भट्ट से आग्रह किया है कि जनहित एवं क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए इस महत्वपूर्ण विषय को रेल मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड के समक्ष प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाए तथा गदरपुर को रेलवे लाइन से जोड़ने हेतु नए रेल मार्ग के सर्वे को स्वीकृति दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं। श्री गुम्बर ने विश्वास व्यक्त किया कि सांसद के सहयोग एवं प्रयासों से यह मांग शीघ्र ही धरातल पर उतरेगी और गदरपुर क्षेत्र के विकास में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण सौगात सिद्ध होगी।


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!