Spread the love

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

(9917322413)

गदरपुर खबर रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ऊधम सिंह नगर जनपद विकास, जनकल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना और औद्योगिक प्रगति के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों का साक्षी बना है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकासात्मक पहलों का लाभ जनपद के लाखों नागरिकों तक पहुंचा है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हुआ है।
प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत जनपद में 10.78 लाख से अधिक लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 10.74 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में 3,450 तथा शहरी क्षेत्रों में 7,040 आवासों का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है। जल जीवन मिशन के तहत 1.95 लाख से अधिक घरों तक नल से जल कनेक्शन पहुंचाया गया है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से 97 हजार से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं, जबकि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से 92 हजार से अधिक लोगों को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत एक लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिला है तथा उज्ज्वला योजना के माध्यम से हजारों परिवारों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में रुद्रपुर में 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का लोकार्पण किया जा चुका है। वहीं लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर का निर्माण कार्य जारी है। किच्छा में एम्स सैटेलाइट सेंटर की स्थापना की दिशा में भी कार्य प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
परिवहन एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परियोजना के लिए 524.78 एकड़ भूमि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को हस्तांतरित की जा चुकी है। इसके अलावा रुद्रपुर रिंग रोड एवं बाईपास का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि काशीपुर, गदरपुर और खटीमा बाईपास परियोजनाएं क्षेत्रीय संपर्क और यातायात व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेंगी।
शिक्षा के क्षेत्र में बाजपुर और खटीमा में एकलव्य आवासीय विद्यालयों के भवन एवं छात्रावासों का निर्माण किया गया है, जिससे जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो रही है।
औद्योगिक विकास की दिशा में खुरपिया-किच्छा क्षेत्र में लगभग 6,000 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी विकसित की जा रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से भविष्य में लगभग 75 हजार रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है। इसके अलावा सितारगंज में इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क तथा काशीपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का विकास भी निवेश और रोजगार को नई दिशा देगा।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में ऊधम सिंह नगर में विकास और जनकल्याण की नई इबारत लिखी गई है। यह उपलब्धियां केंद्र सरकार की दूरदर्शी सोच, प्रभावी नीतियों और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम हैं, जो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
— जिला सूचना कार्यालय, ऊधम सिंह नगर


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!