Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

गदरपुर (संवाद-सूत्र)। भीषण गर्मी में लोगों को 30 घंटे बिना बिजली के रहना पड़ा। ट्रांसफार्मर फुंकने से हुई परेशानी से निजात नहीं मिलने पर भड़के वार्डवासियों ने जेई का घेराव कर आक्रोश जताया। वार्ड वासियों ने 400 केवी के ट्रांसफार्मर की स्थापना कराए जाने की मांग की है।
    करतारपुर रोड वार्ड नंबर एक में मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे 250 केवी का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। कई घंटे बाद भी विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं होने से वार्डवासियों के पसीने छूट गए। ट्रांसफार्मर फुंकने की सूचना ऊर्जा निगम को दी गई लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो सकी। विद्युत आपूर्ति न होने से पानी की दिक्कत शुरू हो गई थी।
     वार्डवासियों ने बिना बिजली के रात तो किसी तरह काट ली लेकिन बुधवार सुबह सूरज की तपिश से वार्ड वासियों का जीना मुहाल हो गया। ऊर्जा निगम ने दोपहर 12 बजे एक ट्रांसफार्मर लगाया था लेकिन ओवरलोड के चलते ट्रांसफार्मर मात्र आधे घंटे में ही फुंक गया। भीषण गर्मी से परेशान बुजुर्ग, बच्चे और महिलाओं ने घरों के बाहर पेड़ों आदि के नीचे बैठकर हाथ वाले पंखों से गर्मी को भगाने का प्रयास किया।
    दोपहर बाद मौके पर पहुंचे जेई सुभाष आर्य को वार्ड वासियों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। जेई आर्य ने बताया ओवरलोड के चलते ट्रांसफार्मर फुंकने से समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने बताया रुद्रपुर से 250 केवी के ट्रांसफार्मर की डिमांड की गई है। फूंके ट्रांसफार्मर को बदलकर विद्युत की आपूर्ति सुचारू करवा दी जाएगी।
इस दौरान चिंतन अरोरा, सुरेश खुराना, उमेश कुमार, रामवीर, अशर्फी लाल, भोली, रामवती, अफरोज आदि मौजूद थे।

Advertisement
Advertisement