


मुख्य अतिथि मांगेराम गर्ग ने किया शुभारंभ, रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र व स्मृति-चिन्ह देकर किया सम्मानित
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालड़ा 7037260222)
रक्तदान से बच सकती है किसी की जान, युवा बढ़-चढ़कर करें सहयोग : मयंक माटा

गदरपुर खबर रुद्रपुर। इलेक्ट्रिकल्स एसोसिएशन ट्रस्ट के तत्वावधान में सोमवार को लक्ष्मी नारायण मंदिर (पांच मंदिर), मुख्य बाजार रुद्रपुर में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि मांगेराम गर्ग एवं उनके परिवार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “रक्तदान सबसे बड़ा महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।” उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर समाज सेवा में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभात खुराना ने सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संस्थाओं के सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिविर में युवाओं, महिलाओं और संस्था के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए।
जिला चिकित्सालय की विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम की देखरेख में सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को रुद्रपुर इलेक्ट्रिकल्स एसोसिएशन ट्रस्ट की ओर से प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्था के सरपरस्त राजकुमार अरोरा, अशोक चिलाना, देवी दयाल अनेजा, राजीव गंभीर, महामंत्री दिलीप गूगलानी, उपाध्यक्ष इंद्र साहनी, कोषाध्यक्ष सोनू अनेजा, सांस्कृतिक मंत्री हरि अग्रवाल, अजय अनेजा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के मीडिया प्रभारी मयंक माटा ने सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
