शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं विद्यार्थियों के प्रति समर्पण के लिए मिला सम्मान
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
गदरपुर खबर रुद्रपुर। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में शहीद ऊधम सिंह सभागार, विकास भवन रुद्रपुर में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का आयोजन मुख्य शिक्षा अधिकारी ऊधमसिंह नगर हरेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी ऊधमसिंह नगर दिवेश शाशनी (आईएएस) रहे।
समारोह में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धौलपुर में कार्यरत सहायक अध्यापक प्रवीण कुमार को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं विद्यार्थियों के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि दिवेश शाशनी ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक का समर्पण विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने के साथ ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में भी सहायक होता है।
प्रवीण कुमार को सम्मान एवं पुरस्कार मिलने पर विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की। सम्मानित शिक्षक प्रवीण कुमार ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, मुख्य अतिथि एवं आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण एवं उत्साह के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
प्रवीण कुमार की उपलब्धि पर राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धौलपुर सहित क्षेत्र में खुशी का माहौल है।