


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70 372 60 222)

गदरपुर रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने प्रेस वार्ता कर विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद मंच पर हवन-यज्ञ कर कथित रूप से शुद्धिकरण किए जाने की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। ठुकराल ने इसे संकुचित और विकृत मानसिकता का परिचायक बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं सामाजिक भेदभाव और ऊंच-नीच की सोच को बढ़ावा देती हैं।
ठुकराल ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं और मंच के कथित शुद्धिकरण की घटना केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि गरीब, दलित, शोषित, वंचित और पीड़ित वर्गों का अपमान है। उन्होंने कहा कि सामाजिक विद्वेष और वैमनस्य को बढ़ावा देने वाली मानसिकता का समर्थन करने वाले नेताओं को अनुसूचित जाति समाज से वोट मांगने से पहले अपने आचरण पर विचार करना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट पर निशाना साधते हुए ठुकराल ने उनके विभिन्न बयानों पर सवाल उठाए। उन्होंने उत्तराखंड की सभी राजधानियों में झंडारोहण संबंधी कथित बयान पर कहा कि प्रदेश अध्यक्ष को यह स्पष्ट करना चाहिए कि राज्य में कितनी राजधानियां हैं। ठुकराल ने छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों के प्रति कथित अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया।
नैनीताल में हुए गोलीकांड का जिक्र करते हुए ठुकराल ने कहा कि जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान गोली चलने की घटनाओं को लेकर कार्यकर्ताओं की चिंता से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया गया था। उन्होंने भट्ट के कथित बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उत्तराखंड में रोज गोलियां चलने की बात कही गई थी। ठुकराल ने ऐसे बयानों को गैर जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि गंभीर घटनाओं को सामान्य बताने के बजाय उन पर सख्त रुख अपनाया जाना चाहिए।
पूर्व विधायक ने कहा कि प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक माहौल को खराब करने वाले बयानों से बचने की जरूरत है। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से महेंद्र भट्ट को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने के साथ ही राज्यसभा सदस्य पद से भी हटाने की मांग की।
