श्रीराम बारात का पुष्पवर्षा से भव्य स्वागत, राजा जनक बने विधायक शिव अरोड़ा

श्रीराम-सीता विवाह का हुआ मंचन, माता सीता की विदाई के प्रसंग पर भावुक हुए विधायक
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
गदरपुर खबर रुद्रपुर। मुख्य रामलीला कमेटी की ओर से रविवार शाम प्रभु श्रीराम की भव्य बारात धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। बारात के नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। जय श्रीराम के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। श्रीराम बारात का प्रमुख आकर्षण विधायक शिव अरोड़ा के आवास पर आयोजित श्रीराम-सीता विवाह समारोह रहा, जहां विधायक ने राजा जनक की भूमिका निभाते हुए परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ बारात का स्वागत-अभिनंदन किया।

बस स्टैंड से निकली बारात, प्रमुख मार्गों से होकर पहुंची विधायक आवास
श्रीराम बारात बस स्टैंड से रवाना होकर डीडी चौक, मुख्य बाजार, पांच मंदिर, गल्ला मंडी और गाबा चौक होते हुए एलाइंस कॉलोनी पहुंची। इसके बाद बारात एलाइंस चौक से होते हुए विधायक शिव अरोड़ा के आवास पर पहुंची। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने जगह-जगह बारात का स्वागत किया। भगवान श्रीराम की झांकी के दर्शन करने के लिए लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। पूरे मार्ग पर धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।
जनकपुरी की तर्ज पर सजा विधायक आवास

श्रीराम बारात के स्वागत के लिए विधायक शिव अरोड़ा के आवास को जनकपुरी की तर्ज पर भव्य रूप से सजाया गया था। बारात के पहुंचने पर पुष्पवर्षा के बीच श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। विधायक शिव अरोड़ा ने राजा जनक के रूप में घराती की भूमिका निभाते हुए बारातियों और अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया।
इसके बाद विशेष मंच पर प्रभु श्रीराम और माता सीता के विवाह का सुंदर मंचन किया गया। वरमाला की रस्म के दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयघोष के साथ अपनी आस्था व्यक्त की। विवाह की पारंपरिक रस्मों को देखकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। विधायक शिव अरोड़ा ने राजा जनक के रूप में विवाह से जुड़ी परंपरागत रस्में निभाईं।
माता सीता की विदाई के प्रसंग ने किया भावुक
श्रीराम-सीता विवाह के बाद माता सीता की विदाई का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। इस दौरान विधायक शिव अरोड़ा भावुक नजर आए। माता सीता की विदाई से जुड़े भावपूर्ण दृश्य ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं को भी भावविभोर कर दिया। धार्मिक परंपराओं के अनुरूप प्रस्तुत किए गए इस प्रसंग ने विवाह समारोह को विशेष बना दिया।
श्रीराम बारात के आयोजन के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और भारतीय संस्कृति की परंपराओं का संदेश दिया गया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर किच्छा विधायक तिलक राज बेहड दर्जा मंत्री सुरेश कोहली प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा गदरपुर ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर गदरपुर अध्यक्ष मनोज गुम्बर राजीव ग्रोवर सुभाष गुम्बर राजेश कुमार मिन्नी रामलीला कमेटी से पवन अग्रवाल, सुशील गाबा, अमित गंभीर, पंजाबी महासभा के राजेश डाबर, राजकुमार चौधरी, उपेंद्र चौधरी,, पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, सुशील गाबा राजकुमार फुटेला, गूलरभोज के चेयरमैन सतीश चुघ, , आकाश कोचर डॉ. सीमा अरोड़ा, किरण विकं सहित अनेक गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।








