Spread the love

कृष्णा वार्ता वार्ता उत्तराखंड

रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालड़ा 70372=60222

गदरपुर खबर रुद्रपुर। भारतीय वायु सेना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में तीसरी तथा उत्तराखंड में प्रथम रैंक प्राप्त करने वाली रुद्रपुर की बेटी मेघा सिंह को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सम्मानित किया। ठुकराल ने ईश्वर कॉलोनी स्थित मेघा सिंह के आवास पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा सम्मान स्वरूप गणेश जी की प्रतिमा भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने मेघा सिंह की उपलब्धि को रुद्रपुर ही नहीं, बल्कि पूरे ऊधमसिंह नगर जनपद और उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रक्रिया में पूरे भारत में तीसरी और राज्य में प्रथम रैंक प्राप्त करना असाधारण उपलब्धि है, जो उनकी कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है।
ठुकराल ने कहा कि मेघा सिंह ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे प्राप्त करने के लिए पूरी निष्ठा एवं अनुशासन के साथ प्रयास किए जाएं तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और मेघा की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
उन्होंने मेघा सिंह के माता-पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे परिवार के त्याग, संस्कार और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मेघा की इस उपलब्धि में उनके माता-पिता का योगदान भी सराहनीय है।
मेघा सिंह के पिता प्रताप सिंह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता साधना सिंह गृहिणी हैं। परिवार ने मेघा की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे वर्षों की मेहनत, संघर्ष और समर्पण का परिणाम बताया।
इस अवसर पर मेघा सिंह ने कहा कि भारतीय वायु सेना में चयन होना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों एवं परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। साथ ही युवाओं से सकारात्मक सोच और कठिन परिश्रम के साथ अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।

रुद्रपुर खबर के लिए और विज्ञापन के लिए संपर्क करें 7037260222


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!