Spread the love

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड,)

(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालड़ा 70372 60 222)

गदरपुर खबर रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पेट्रोलियम उत्पादों और घरेलू एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तेल कंपनियों के लगातार बढ़ते मुनाफे के बावजूद आम जनता को किसी प्रकार की राहत नहीं दी जा रही है, जिससे लोगों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।
मीडिया को जारी बयान में ठुकराल ने दावा किया कि सरकारी तेल कंपनियों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 77 हजार करोड़ रुपये से अधिक का मुनाफा कमाया है। वहीं जनवरी से मार्च 2026 के दौरान भी कंपनियों का लाभ करीब 19 हजार करोड़ रुपये रहा। इसके बावजूद पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि आम जनता के साथ अन्याय है।
उन्होंने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के बढ़ते दामों ने रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए घरेलू खर्चों का प्रबंधन करना दिन-प्रतिदिन कठिन होता जा रहा है। साथ ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर परिवहन लागत पर पड़ता है, जिससे खाद्य पदार्थों समेत दैनिक उपयोग की अधिकांश वस्तुएं महंगी हो जाती हैं।
राजकुमार ठुकराल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार तेल कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों पर काम कर रही है, जबकि आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। उन्होंने कहा कि तेल कंपनियों के मुनाफे का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाना चाहिए और पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की कीमतों में तत्काल राहत दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम लोगों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है और जनता में असंतोष बढ़ता जा रहा है। सरकार यदि समय रहते जनभावनाओं को नहीं समझेगी तो जनता इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से उचित समय पर देगी।
ठुकराल ने केंद्र सरकार से पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों की समीक्षा कर आम उपभोक्ताओं को राहत देने तथा महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!