Spread the love

जनसभा स्थल के शुद्धीकरण को बताया सामाजिक भेदभाव और संकीर्ण मानसिकता का प्रतीक

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 7037260222)

गदरपुर  रुद्रपुर। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद जनसभा स्थल के शुद्धीकरण और हवन किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रुद्रपुर में सामाजिक समरसता यात्रा निकालकर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने इसे सामाजिक भेदभाव और संकीर्ण मानसिकता का प्रतीक बताते हुए समानता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।
जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा और महानगर अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में यात्रा गल्ला मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर से शुरू हुई। कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए मुख्य मार्गों से भगत सिंह चौक पहुंचे। यहां शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद यात्रा अंबेडकर चौक पहुंची, जहां बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा के बाद जनसभा स्थल का शुद्धीकरण किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा के बाद इस तरह का कृत्य सामाजिक भेदभाव और जातिवादी मानसिकता को प्रदर्शित करता है।
उन्होंने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है। सामाजिक भेदभाव की किसी भी सोच का विरोध करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। महात्मा गांधी और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जीवनभर ऊंच-नीच और अस्पृश्यता के खिलाफ संघर्ष किया तथा समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय का संदेश दिया।
महानगर अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि सामाजिक समरसता यात्रा संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सामाजिक भेदभाव और नफरत फैलाने वाली सोच के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि भारत की पहचान विविधता, भाईचारे और सामाजिक एकता से है। लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार प्राप्त हैं। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
यात्रा में गोपाल भसीन, पुष्कर राज जैन, गणेश उपाध्याय, संदीप चीमा, नारायण सिंह बिष्ट, नारायण हालदार, श्रीनाथ विश्वास, परिमल राय, योगेश चौहान, मदन खन्ना, राजकुमार भुसरी, दिनेश पंत, एडवोकेट सर्वेश सिंह, अभय सिंह, इंद्रजीत सिंह बिट्टा, सरबजीत सिंह सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!